February 4, 2026 9:06 am

मप्र में धूमधाम से मनेगा 77वां गणतंत्र दिवस, तैयारियां पूरी, उत्साह और उमंग से भरपूर रही गणतंत्र दिवस परेड की फुल ड्रेस फाइनल रिहर्सल

भोपाल। मध्यप्रदेश में 77वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास एवं गरिमामय ढंग से मनाया जाएगा। मुख्य समारोह लाल परेड मैदान भोपाल में सुबह 9 बजे आयोजित होगा। जिसकी तैयारिया लगभग पूरी हो चुकी है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि राज्यपाल मंगूभाई पटेल होंगे। गणतंत्र दिवस समारोह में निकलने वाली संयुक्त परेड एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का अंतिम अभ्यास शनिवार को लाल परेड मैदान पर किया गया। फुल ड्रेस रिहर्सल में जवानों ने शानदार कदमताल दिखाई। इस समारोह में डीजीपी कैलाश मकवाणा, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एसएएफ चंचल शेखर, भोपाल पुलिस कमिश्नर हरिनारायणचारी मिश्र सहित अन्य वरिष्ठ पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित थे।

गणतंत्र दिवस की फुल ड्रेस फाइनल रिहर्सल के दौरान सातवीं बटालियन के प्रधान आरक्षक राजमणि सिंह बघेल ने प्रतीक स्वरूप मुख्य अतिथि की भूमिका निभाई और ध्वजारोहण कर संयुक्त परेड की सलामी ली। हर्ष फायर के बीच पुलिस बैंड ने निरीक्षक श्री सुनील कटारे के निर्देशन में जन गण मन की धुन बजाई। मुख्य अतिथि के संदेश का प्रतीक स्वरूप वाचन भी किया गया। हर्ष फायर के बाद पुलिस बैंड की मधुर धुनों के बीच आकर्षक संयुक्त परेड निकाली गई। परेड का नेतृत्व भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारी आयुष जाखड़ ने किया। परेड टू आई सी का दायित्व एसडीओपी सैलाना जिला रतलाम श्रीमती नीलम बघेल ने निभाया। संयुक्त परेड में बिहार विशेष सशस्‍त्र पुलिस, अश्वारोही दल व श्वान दस्ते सहित 23 टुकड़ियां शामिल थीं।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों की फाइनल रिहर्सल भी हुई
संयुक्त परेड के पश्चात विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों एवं संस्कृति विभाग के रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का अंतिम अभ्यास किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में सागर पब्लिक स्‍कूल, कटारा एक्‍सटेंशन भोपाल के 150 विद्यार्थियों ने ए‍क भारत, श्रेष्‍ठ भारत थीम” गीत पर नृत्य की प्रस्तुति दी। वहीं सेंट पॉल कोएड स्‍कूल, आनंद नगर के 200 विद्यार्थियों ने नृत्य की प्रस्तुति दी। रिहर्सल के दौरान संयुक्त रूप से 05 शासकीय स्कूलों के 160 विद्यार्थियों ने वीर-बेटियों की गाथा पर केन्द्रित नृत्य की प्रस्तुति दी। इसके साथ ही मध्य प्रदेश के लोकनृत्यों और लोकगीतों की भी सुमधुर प्रस्तुतियां दी गईं। इसमें बधाई लोकनृत्‍य, गणगौर और मटकी लोकनृत्यों की प्रस्तुति दी गई। इस दौरान कलाकारों ने प्रस्तुति देकर सभी उपस्थितजनों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

गणतंत्र दिवस की परेड में 22 विभागों की झांकियों होगी सम्मिलित
गणतंत्र दिवस की परेड के दौरान उद्यानिकी विभाग, आयुष विभाग, उच्‍च शिक्षा विभाग, किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग एवं म.प्र. राज्‍य कृषि विपणन बोर्ड, कुटीर एवं ग्रामोद्योग विभाग, खेल और युवा कल्‍याण विभाग, गृह विभाग, जनजातीय कार्य विभाग, जल संसाधन विभाग, जेल विभाग, नगरीय विकास एवं आवास विभाग, पर्यटन विभाग, पशुपालन एवं डेयरी विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, मछुआ कल्‍याण एवं मत्‍स्‍य विकास विभाग, मुख्‍य निर्वाचन पदाधिकारी, लोक स्‍वास्‍थ्‍य यांत्रिकी विभाग, लोक स्‍वास्‍थ्‍य एवं चिकित्‍सा शिक्षा विभाग, वन विभाग, स्‍कूल शिक्षा विभाग एवं सूक्ष्‍म, लघु एवं मध्‍यम विभाग की झांकियां सम्मिलित होगी।

Leave a Comment