बैंकॉक। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा सीजफायर कराने के दावे के बावजूद थाईलैंड और कंबोडिया के बीच जंग थमती नहीं दिख रही है। यही नहीं थाईलैंड और कंबोडिया के बीच सीमा पर हमले और तेज होते नजर आ रहे हैं। शनिवार सुबह थाई सेनाएं विवादित सीमा पर जबरदस्त हमले किए हैं। जानकारी के मुताबिक, थाई वायुसेना ने दो एफ-16 लड़ाकू विमानों का इस्तेमाल करते हुए कई ठिकानों पर बम गिराए।
कंबोडिया के सूचना मंत्रालय ने शनिवार को कहा कि थाई सैन्य बलों ने सीमा पार हमले बंद नहीं किए हैं। मंत्रालय के मुताबिक, थाई सेनाएं अब भी बमबारी कर रही हैं और इन हमलों में फाइटर जेट्स का भी इस्तेमाल किया गया है। मीडिया रिपोर्टस की माने तो स्थानीय समयानुसार शनिवार की सुबह 5ः50 बजे, थाई सेना ने कंबोडिया के पश्चिमी प्रांत बट्टमबोंग के त्मोर दा शहर के एक होटल की इमारत को निशाना बनाकर एक बम गिराया। इसके पांच मिनट बाद, 5ः55 बजे उसी इलाके में एक और होटल इमारत पर बमबारी की गई।
होटल के बाद पुलों को थाई सेना ने बनाया निशाना
इस हमले के बाद थाई सेना के हमले का रुख पुलों की ओर हो गया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार सुबह 6ः02 बजे थाई सेना ने चेई चोम्नास पुल पुल को नष्ट करने के लिए एक बम गिराया। 6ः07 बजे उसी पुल पर दूसरा बम गिराया गया। फिर 6ः12 बजे, चेई चोम्नास के पुराने पुल (ओल्ड ब्रिज) को निशाना बनाते हुए एक और बम गिराया गया।
थाईलैंड का आया बयान…
बॉर्डर पर बमबारी के बीच थाईलैंड के प्रधानमंत्री अनुतिन चार्नवीराकुल का बयान आया। उन्होंने कहा, यह बिल्कुल भी कोई रोड एक्सीडेंट नहीं है। थाईलैंड तब तक सैन्य कार्रवाई करता रहेगा, जब तक हमारी जमीन और हमारे लोगों के लिए कोई और नुकसान या खतरा खत्म नहीं हो जाता। मैं यह बात पूरी तरह स्पष्ट करना चाहता हूं. आज सुबह हमारी कार्रवाइयों ने खुद सब कुछ बता दिया है।
टंप ने क्या किया था दावा?
बता दें कि थाईलैंड और कंबोडिया के बीच बढ़ते सीमा विवाद को देखते हुए राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बीते दिनों बड़ा दावा किया था। उन्होंने कहा था कि वह एक फोन कॉल करके थाईलैंड और कंबोडिया के बीच जारी संघर्ष को रोक देंगे। ट्रंप ने इस बात पर जोर दिया था कि वह ताकत के दम पर शांति स्थापित कर रहे हैं।





