भोपाल-रायसेन। मध्य प्रदेश के रायसेन जिले के गौहरगंज थाना क्षेत्र में 6 साल की मासूम बच्ची के साथ हैवानियत करने वाला आरोपी सलमान एक सप्ताह की मशक्कत के बाद आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ गया है। 30 हजार के ईनामी सलमान को भोपाल पुलिस ने गुरुवार की देर रात बैरागढ स्थित गांधीनगर से एक चाय की दुकान से दबोच लिया और रायसेन पुलिस के हवाले कर दिया। हालांकि दरिंदे ने रास्ते में भागने की कोशिश भी की थी, लेकिन पुलिस ने शाॅट एनकाउंटर कर उसे धर दबोचा।
गिरफ्तारी के बाद जब उसे गौहरगंज ले जाया जा रहा था, तब पुलिस की गाड़ी औबेदुल्लागंज क्षेत्र के जंगल में पंक्चर हो गई। टायर बदलने के लिए जैसे ही गाड़ी रोकी गई और एसआई व अन्य पुलिसकर्मी गाड़ी से उतरे, सलमान ने हथकड़ी होने के बावजूद अचानक भागने की कोशिश की। इस दौरान उसने एक पुलिसकर्मी से पिस्टल छीन ली और फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें सलमान के पैर में गोली लगी। भोपाल के हमीदिया अस्पताल में आरोपी का इलाज चल रहा है। उसकी हालत खतरे से बाहर है।
चाकलेट का लालच देकर मासूम से किया रेप
सलमान पर आरोप है कि 21 नवंबर को वह बच्ची को चॉकलेट का लालच देकर जंगल में ले गया था। जहां उसके साथ रेप कर फरार हो गया। इलाके में तब से ही घटना के विरोध में धरना-प्रदर्शन चल रहा है। लोग आरोपी के एनकाउंटर की मांग कर रहे हैं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश कुमार खरपुसे के मुताबिक, रात करीब 3-4 बजे के बीच आरोपी को दूसरी गाड़ी में शिफ्ट किया जा रहा था, तभी उसने एसआई श्यामराज सिंह की बंदूक छीनकर फायर करने और भागने की कोशिश की। उसे रोकने के लिए जवाबी कार्रवाई की और पैर पर गोली चलाई, जिससे वह घायल हो गया। वहीं हमले में एसआई को भी चोट आई है। छीना-झपटी में उनकी वर्दी का बैच टूट कर गिर गया। वहीं मौके पर एफएसएल की टीम भी पहुंची। उसने गोली के खोखे व अन्य चीजें जब्त की हैं।
जंगलों के रास्ते पैदल ही भोपाल में दाखिल हुआ दरिंदा
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह जंगलों के रास्ते पैदल ही भोपाल में दाखिल हुआ था और गांधीनगर इलाके में छिपा हुआ था। सलमान के पकड़े जाने की सूचना मिलते ही जय मां भवानी हिंदू संगठन के कार्यकर्ता थाने पहुंचे थे, लेकिन उससे पहले ही आरोपी को गौहरगंज पुलिस को सौंपा जा चुका था।
भाजपा विधायक ने की फांसी की मांग
दरिंदे सलमान के शॉर्ट एनकाउंटर पर विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा, मैंने पहले ही कहा था। अपराधी जमीन में छिपा हो या आसमान में। उसे ढूंढ लिया जाएगा। दरिंदे सलमान ने बेटी के साथ जो दुराचार किया है। उसे फांसी मिलनी चाहिए। हिंदू समाज में इस घटना के बाद गुस्सा है। हम न्यायालय से मांग करते हैं कि दरिंदे सलमान को फांसी दी जाए। इस तरह के अपराधियों को सार्वजनिक कुचलने की जरूरत है, जिससे ऐसा अपराध करने से पहले कोई 100 बार सोचे।





